
उदित वाणी, जमशेदपुर : चांडिल थाना क्षेत्र के जोधा ब्रिज के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चैनपुर गांव निवासी रवि सिंह सरदार (19) गंभीर रूप से घायल हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रवि किसी काम से अपने घर से निकला था. इसी दौरान जोधा ब्रिज के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रवि सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गया.
स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना चांडिल थाना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रवि को एम्बुलेंस से चांडिल अनुमंडल अस्पताल भेजा गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया. लेकिन टीएमएच में इलाज के दौरान देर रात रवि की मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही रवि के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया. शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया. ग्रामीणों ने बताया कि रवि मेहनती और मिलनसार स्वभाव का था. उसके निधन से पूरे चैनपुर गांव में शोक की लहर है.
चांडिल थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके. फिलहाल अज्ञात वाहन की तलाश जारी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

