
उदित वाणी, जमशेदपुर : नीमडीह थाना क्षेत्र के चांडिल स्टेशन बस्ती स्थित मोदी फास्ट फूड होटल में बृहस्पतिवार की रात एक होटल कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. होटल में कारीगर के रूप में कार्यरत नागरा सिंह (लगभग 35 वर्ष), निवासी चालियामा गांव, रोज की तरह रात में खाना खाकर सोए थे. शुक्रवार तड़के जब होटल स्टाफ उन्हें उठाने गया, तो देखा कि उनके नाक से झाग निकल रहा था. इससे आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत हार्ट अटैक या किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई होगी.
सुबह करीब 4 बजे होटल स्टाफ ने होटल मालिक बाबन मोदी और पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने पर बाबन मोदी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्टाफ के साथ मिलकर नागरा सिंह को टेंपू से चांडिल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को पोस्ट-मॉर्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया.
नागरा सिंह पिछले दस वर्षों से मोदी फास्ट फूड होटल में कार्यरत थे. दो साल पूर्व उनका विवाह हुआ था और उनकी एक बेटी है. उनके परिवार में पत्नी, सास और एक भाई शामिल हैं. अचानक हुई इस घटना से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है.
घटना की जानकारी मिलते ही लूपुंगडीह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि भोला सिंह सरदार, समाजसेवी निखिल रंजन महतो और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे. नीमडीह पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और होटल मालिक व स्टाफ से पूछताछ की जा रही है. पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके.

