
उदित वाणी, चाकुलिया : चाकुलिया थाना क्षेत्र के आमाभुला गांव में मंगलवार को एक व्यक्ति ने 55 वर्षीय तपन महतो को कटारी से मारकर गंभीर रुप से घायल कर दिया. घटना के समय आरोपी मनिंद्र महतो मौके से फरार हो गया.
घायल तपन महतो को ग्रामीणों के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉ. संपा घोष ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए झाड़ग्राम अस्पताल रेफर कर दिया. सूचना मिलने पर मुखिया मोहन सोरेन, एएसआई पीतांबर मंडल पुलिस बल के साथ सीएचसी पहुंचे.
घायल की पत्नी छायारानी महतो ने आरोपी मनिंद्र महतो के खिलाफ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कांड संख्या 64/25 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.
जानकारी अनुसार, मंगलवार सुबह तपन महतो गांव के तालाब के पास बैठकर मुंह धो रहे थे, तभी अपराधी मनिंद्र महतो ने पीछे से आकर कटारी से हमला कर दिया. इस हमले में तपन महतो के सिर से लेकर पैर तक गंभीर चोटें आई हैं और उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर होने की आशंका है.
प्राथमिक जांच जारी है और पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

