
उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की उड़नदस्ता टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 40 किलो अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई टाटानगर रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत की गई. आरपीएफ की इस कार्रवाई से रेल मार्ग के जरिए हो रही मादक पदार्थों की तस्करी पर एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है.
आरपीएफ के अनुसार, दोनों तस्कर नीलांचल एक्सप्रेस से ओडिशा से गांजा लेकर टाटानगर पहुंचे थे. यहां से वे ट्रेन बदलकर गांजा को गुजरात के ओखा ले जाने की फिराक में थे. स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर उड़नदस्ता टीम ने उन्हें रोका और तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया. जब्त गांजा का कुल वजन 40 किलो पाया गया.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पवित्रा खेल और सुनील बेहरा उर्फ छोटा कानु के रूप में हुई है. दोनों आरोपी ओडिशा के गंजाम जिले के निवासी बताए जा रहे हैं. प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से रेलवे मार्ग का इस्तेमाल कर विभिन्न राज्यों में गांजा की आपूर्ति करते रहे हैं. आरपीएफ अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है.
गांजा को विधिवत जब्त कर लिया गया है और दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है.
आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि रेलवे परिसरों और ट्रेनों के माध्यम से होने वाले नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा. ऑपरेशन नारकोस के तहत चक्रधरपुर रेल मंडल में निगरानी और जांच को और तेज किया गया है, ताकि रेलवे को नशा तस्करों से मुक्त रखा जा सके.

