
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीडीह लाइन नंबर दस में बुधवार सुबह बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने पूजा के लिए जा रही एक महिला से सोने की चेन छीन ली. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
पीड़िता अनिता चौधरी ने बताया कि वह घर के पीछे स्थित गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे. जब तक वह कुछ समझ पातीं, पीछे बैठे युवक ने उनके गले से चेन झपट ली. घटना इतनी तेजी से हुई कि उन्हें शोर मचाने का अवसर नहीं मिला. वारदात के बाद दोनों फरार हो गए.
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. लगातार बढ़ती चेन स्नैचिंग की घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है.

