उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना अंतर्गत टाटा स्टील के सुरक्षा अधिकारी सुजीत झा की पत्नी संजना झा से चेन छिनतई के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिदगोड़ा थाना पुलिस ने इस मामले में आजादनगर निवासी कुख्यात छिनतईबाज विशाल सिंह उर्फ नाडू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की और दबोच लिया।

पूछताछ में विशाल ने स्वीकार किया कि उसी ने 17 मई की सुबह करीब 8.30 बजे संजना झा के गले से सोने की चेन छीनकर फरार होने की घटना को अंजाम दिया था। घटना के वक्त वह अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार था। इस दौरान छिनतई की कोशिश में संजना झा घायल भी हो गई थीं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार विशाल सिंह उर्फ नाडू पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है। उस पर छिनतई और रंगदारी जैसे संगीन अपराधों के मामले दर्ज हैं। जमानत पर रिहा होने के बाद भी उसने फिर से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देना शुरू कर दिया था।
फिलहाल पुलिस उसकी निशानदेही पर उसके फरार साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है। सिदगोड़ा थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही घटना में शामिल दूसरे आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।