
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग तिर्की मैदान में बीती रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां आधी रात के समय कुछ युवकों ने एक युवक का कथित रूप से अपहरण कर, उसे दूसरे स्थान पर ले जाकर मारपीट की और उसके रुपये छीन लिए। घटना के बाद पीड़ित युवक ने उलीडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामला फिलहाल जांच के दायरे में है।
घटना के भुक्तभोगी अमन प्रसाद, उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना बस्ती का निवासी है। अमन ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार देर रात किसी काम से बाहर गया था और वापस घर लौट रहा था। उसी दौरान लाल बिल्डिंग तिर्की मैदान के पास कुछ युवकों ने उसे जबरन घेर लिया और उसका अपहरण कर लिया। फिर उसे एक अन्य स्थान पर ले जाकर मारपीट की और उसके पास से नकद रुपये छीन लिए।
अमन ने जिन लोगों पर यह गंभीर आरोप लगाए हैं, उनमें शंकोसाई रोड नंबर 5 के निवासी भोला महतो, कुंदन सिंह उर्फ भोदू, अमन कलाकार, डेंगू, धूमक्षेत्री के अलावा 8-10 अज्ञात युवक शामिल हैं। पुलिस ने अमन के लिखित बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है।
पूरे मामले को लेकर जब उलीडीह थाना प्रभारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद जैसा प्रतीत हो रहा है। थाना प्रभारी ने कहा, “घटना में शामिल सभी युवक एक-दूसरे के परिचित हैं। शनिवार रात सभी ने साथ में खाना-पीना किया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद अमन ने अपने ही साथियों पर अपहरण, मारपीट और लूटपाट का मामला दर्ज कराया है।”
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चर्चा है कि आपसी रंजिश या नशे में झगड़े के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल जांच भी कराया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
फिलहाल उलीडीह पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और आरोपियों की गतिविधियों की पुष्टि करने में लगी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सच्चाई सामने लाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
