
उदित वाणी, कोलाबीरा : कोलाबीरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत कांड्रा–सरायकेला मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक तेज रफ्तार कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया. भोलाडीह गांव के समीप यह कार पहले एक खड़ी बाइक को रौंदती हुई आगे बढ़ी और फिर सामने खड़े एक टेम्पो से जा टकराई.
पूजा से लौट रहे थे युवक, हादसे में कार क्षतिग्रस्त
बताया गया कि कार (JH05AF-5208) में चालक समेत पांच युवक सवार थे, जो तारापीठ से पूजा-पाठ कर लौट रहे थे. भोलाडीह पहुंचने पर किशोर नामक व्यक्ति की सीमेंट दुकान के सामने खड़ी बाइक को टक्कर मारी गई. इसके बाद कार ने सड़क किनारे खड़े टेम्पो को भी टक्कर मार दी.
कार के परखच्चे उड़े, पुलिस ने जब्त किया वाहन
हादसे में कार की बाईं ओर का दरवाजा पूरी तरह उखड़ गया. बाइक और टेम्पो दोनों क्षतिग्रस्त हो गए. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है.

