
- पत्नी बोलीं—लेन-देन को लेकर धमकियां मिल रही थीं, कुछ लोग कर रहे थे रेकी
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुइलाडुंगरी में रहने वाले 45 वर्षीय जमीन कारोबारी मोहम्मद शाहिद खान ने शुक्रवार की रात अपने फ्लैट में फांसी लगाने की कोशिश की। घटना के वक्त वह घर में अकेले कमरे में थे। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खोलने पर पत्नी शाईमा खातून ने शोर मचाया। आस-पड़ोस के लोग जुटे और दरवाजा तोड़ अंदर घुसे।
अंदर का नज़ारा देख सब सन्न रह गए। मोहम्मद शाहिद पंखे में बंधे फंदे से लटके थे, लेकिन पंखा टूटने के कारण वह नीचे गिर चुके थे। मुंह से झाग निकल रहा था और वह अचेत अवस्था में थे। आनन-फानन में लोगों की मदद से पत्नी उन्हें टेंपो से टीएमएच अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।
पत्नी शाईमा खातून के अनुसार, शाहिद पिछले कुछ दिनों से काफी तनाव में थे। वह जमीन का कारोबार करते हैं और बाजार में लाखों रुपये का लेनदेन है। कुछ लेनदारों से विवाद चल रहा था। चार दिन से कुछ संदिग्ध लोग उनके घर के आस-पास घूमते देखे गए। मोबाइल पर गोली मारने की धमकी भी मिली थी। इन्हीं सब कारणों से वह मानसिक दबाव में थे।
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान में जुटी है। मोहल्ले में घटना के बाद से दहशत का माहौल है।

