
उदित वाणी, जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में गुरुवार को चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है. इस बार चोरों ने बर्मामाइंस स्थित दीपू बस्ती में रहने वाली राखी पात्रो के घर को निशाना बनाया. चोरों ने घर से राखी पात्रो का मोबाइल फोन और 12 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए. पीड़िता ने इस मामले में दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. एफआईआर में टेल्को थाना क्षेत्र के प्रेम नगर निवासी अभिषेक कुमार और बर्मामाइंस की गांधी बस्ती निवासी राहुल दास को आरोपी बनाया गया है.
राखी पात्रो ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि चोरी की यह घटना 13 दिसंबर से 17 दिसंबर के बीच हुई है. उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि दोनों आरोपी उनके परिचित हैं और अक्सर उनके घर आते-जाते रहे हैं. इसी कारण उन्हें पूरा शक है कि चोरी की वारदात इन्हीं दोनों युवकों ने अंजाम दी है. बर्मामाइंस थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी.
वहीं बागबेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी बागबेड़ा के लाल बिल्डिंग पानी टंकी के पास से की गई है. गिरफ्तार युवक की पहचान सुनील पात्रो उर्फ टकाल के रूप में हुई है, जो बागबेड़ा के रामनगर का निवासी है. पुलिस ने उसके पास से गांजा बरामद किया है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. फिलहाल पुलिस उससे यह जानकारी जुटा रही है कि वह गांजा कहां से खरीद कर लाता था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है.
इधर मानगो थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का एक मामला दर्ज किया गया है. डिमना रोड स्थित शंकोसाई की रहने वाली विवाहिता शिल्पी चौधरी ने अपने ससुराल वालों पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है. शिल्पी की ससुराल ओडिशा के बालेश्वर में है. उनके आवेदन पर मानगो थाना में पति मनीष मसंता, ससुर हेमंत मसंता, सास सुनीता कर और ननद मनीषा प्रियदर्शनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

