
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई पुलिस ने नशीली पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान मो. सलमान उर्फ फड्डन के रूप में हुई है, जो पहले भी इस तरह की आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रह चुका है. पुलिस ने आरोपी के पास से 18 पुड़िया ब्राउन शुगर, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जिनका उपयोग नशे के कारोबार में किया जा रहा था.
जुगसलाई थाने को गुप्त सूचना मिली थी कि गरीब नवाज कॉलोनी स्थित खरकई नदी रेलवे ब्रिज के नीचे एक संदिग्ध व्यक्ति नशे की पुड़िया बेचने की फिराक में है. सूचना मिलते ही जुगसलाई पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए इलाके में दबिश दी और मो. सलमान उर्फ फड्डन को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.
घटना को लेकर जुगसलाई थाने के सब इंस्पेक्टर गोपाल कुमार ने आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है. प्राथमिकी में उल्लेख किया गया है कि सलमान नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री में लंबे समय से संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ पहले भी मामला दर्ज कर जेल भेजा जा चुका है. पुलिस का कहना है कि आरोपी द्वारा क्षेत्र में युवाओं को नशे की लत लगाने की कोशिश की जा रही थी.
इस गिरफ्तारी के बाद इलाके के लोगों में कुछ हद तक राहत है, हालांकि गरीब नवाज कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में ब्राउन शुगर और अन्य नशीली वस्तुओं के व्यापार की चर्चा वर्षों से रही है. पुलिस अब अन्य संदिग्धों की तलाश में जुट गई है और इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की दिशा में लगातार छापेमारी कर रही है.
गिरफ्तार किए गए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मो. सलमान से पूछताछ के बाद इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. संभावना है कि जल्द ही पुलिस एक और बड़ा खुलासा कर सकती है.
एसपी सिटी का बयान
इस संदर्भ में एसपी सिटी ने बताया, “जुगसलाई थाना पुलिस की सक्रियता सराहनीय है. नशा कारोबार के खिलाफ हमारी मुहिम लगातार जारी है. जो भी इस तरह की गतिविधियों में लिप्त मिलेगा, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.”

