
उदित वाणी, घाटशिला : धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के दूधचुआ गांव स्थित बांस टाल मैदान में गुरुवार देर रात पुलिस ने अवैध ब्राउन शुगर की बिक्री करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया. आरोपियों के पास से लगभग 1 लाख रुपये मूल्य का 4.17 ग्राम ब्राउन शुगर, 3500 रुपये नकद, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक टाटा सिग्मा चेचिस केबिन बरामद किया गया है.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
धालभूमगढ़ क्षेत्र में ब्राउन शुगर के सक्रिय कारोबार की सूचना पुलिस को पहले से मिल रही थी. इस पर संज्ञान लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर थाना प्रभारी मोहम्मद आमिर हमजा के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई. टीम में अंचल अधिकारी समीर कश्यप, पुलिस निरीक्षक फिलिप कुजूर, सहायक निरीक्षक रामलाल राम, हवलदार उपेंद्र पासवान सिंह, रघुनाथ सिंह, आरक्षी संजय बांदिया और संजय कुमार शामिल थे.
चेचिस केबिन से पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने घेराबंदी कर टाटा सिग्मा चेचिस केबिन (चेचिस नं: MAT828113S3F16812, टेम्प. नं: JH05A 3705) को कब्जे में लिया, जिसमें आरोपी ब्राउन शुगर का सौदा कर रहे थे. वाहन को बालेश्वर ले जाया जा रहा था.
गिरफ्तार पांच लोगों में शामिल हैं:
शमशेर अहमद उर्फ भूटान (35 वर्ष), नरसिंहगढ़
चिंटू राय (26 वर्ष), नरसिंहगढ़
गौतम महतो (33 वर्ष), दूधचूआ
राहुल दुबे (31 वर्ष), कोकपाड़ा, नरसिंहगढ़
कामाख्या मुखर्जी उर्फ फेकू (30 वर्ष), दोल दोलिया, एमजीएम थाना क्षेत्र
NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना कांड संख्या 36/2025, दिनांक 27 जून 2025 के तहत स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 21(A) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है. आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
पुलिस करेगी कड़ी निगरानी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. साथ ही उन्होंने अभिभावकों और आम जनता से अपील की है कि इस प्रकार की जानकारी पुलिस को शीघ्र दें, ताकि क्षेत्र को नशामुक्त बनाया जा सके.

