
उदित वाणी, जमशेदपुर : बोड़ाम बाजार स्थित साप्ताहिक हाट में बुधवार की शाम करीब 5:30 बजे एक महिला से मोबाइल फोन छीनकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला सब्जी खरीद रही थीं, तभी आरोपी ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया और हड़बड़ी में भीड़ के बीच से भागने लगा. महिला के शोर मचाने पर बाजार में मौजूद लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पीछा कर कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी.
सूत्रों के अनुसार, पकड़ा गया युवक खुद को पश्चिम बंगाल का निवासी बता रहा है. वहीं पीड़ित महिला बोड़ाम क्षेत्र की ही रहने वाली हैं. मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी और लोगों के गुस्से का आलम यह था कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी को काफी मार पड़ी. सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और किसी तरह भीड़ से आरोपी को बचाकर पुलिस वाहन में बैठाकर थाना ले गई. पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके रिकॉर्ड की जांच की जा रही है.
घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर सप्ताह आयोजित होने वाले इस हाट में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ी है और उनके कारण चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं. उनका आरोप है कि अक्सर मोबाइल और पर्स चोरी जैसी घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अपराधी भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकलते हैं. उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि बाजार में आने वाले लोग सुरक्षित महसूस कर सकें.
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि आरोपी किसी गिरोह से जुड़ा पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे. फिलहाल घटना की जांच जारी है.

