
उदित वाणी, बोड़ाम : मंगलवार- बोड़ाम पुलिस ने कुईयानी पंचायत के धोबनी गांव के पास एक सुनसान जंगल से 58 वर्षीय महिला का शव बरामद किया है. महिला के गले और सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे उसकी हत्या कर शव को जंगल में फेंकने की आशंका जताई जा रही है.
हत्या की आशंका
पुलिस को मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे गांव वालों से सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान धोबनी गांव निवासी भागी सिंह के रूप में हुई है. महिला के पति का निधन पहले ही हो चुका है और उसका एक बेटा है, जो इस घटना से सदमे में है.
जांच जारी
पुलिस के अनुसार, भागी सिंह सोमवार सुबह कुईयानी गांव जाने की बात कहकर घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी. पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा.

