
उदित वाणी, पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र के चुनीडीह गांव में शुक्रवार को एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान लगभग 37 वर्षीय माणिक महतो के रूप में हुई है.
नहाने गया युवक लौटा नहीं
घटना उस समय सामने आई जब स्थानीय नाले में नहाने गया माणिक देर तक वापस नहीं लौटा. बाद में उसी घाट पर नहाने पहुंची एक महिला ने पानी में तैरती लाश देखी और शोर मचाकर गांव वालों को बुलाया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया.
क्या मानसिक तनाव ने ली जान?
ग्रामीणों के अनुसार माणिक पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में था. दो साल पहले उसने पश्चिम बंगाल की एक युवती से विवाह किया था, लेकिन शादी के डेढ़ महीने बाद ही पत्नी मायके चली गई और कुछ महीनों पूर्व उसने तलाक भी दे दिया. इसके बाद से ही माणिक नशे का आदी हो गया था.
परिवार में सिर्फ बीमार मां का सहारा था
माणिक अपने गांव में ट्रैक्टर चलाकर गुज़ारा करता था और अपनी बीमार मां के साथ रहता था. उसके पिता का निधन पहले ही हो चुका था. माणिक घर का इकलौता बेटा था.
पुलिस जांच में जुटी, कई कोणों से हो रही छानबीन
बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि चुनीडीह से होकर गुजरने वाले नाले में युवक का शव बरामद हुआ है. बरसात के मौसम में पानी की धार तेज होने के कारण डूबने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या या हत्या — तीनों एंगल से जांच कर रही है.

