
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर स्थित ब्लू डायमंड होटल के पास गुरुवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान 31 वर्षीय सुनील मार्डी के रूप में हुई है, जो पीपला का रहने वाला था और पेशे से ट्रैक्टर चालक था.
जानकारी के अनुसार, सुनील अपने घर से बाइक पर सवार होकर डिमना चौक की ओर जा रहा था. इसी दौरान सड़क पर बने गड्ढे में बाइक असंतुलित होकर पलट गई. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर शीतगृह भिजवा दिया. शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया जाएगा. पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में एनएच-33 पर जगह-जगह बने गड्ढे आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं. क्षेत्र में सड़क की खराब स्थिति को लेकर लोग लंबे समय से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है.
युवक की असामयिक मौत से परिजनों और गांव में शोक का माहौल है. परिजन उसे मेहनती और परिवार का सहारा बताते हुए कहते हैं कि उसकी मौत से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है.

