
उदित वाणी जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीती रात धातकीडीह कम्युनिटी सेंटर के पास स्थित चिकन पॉइंट नामक दुकान और बगल की एक सैलून का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 18 हजार रुपये की चोरी कर ली। दुकानदारों का कहना है कि चोर इलाके का पहले से मुआयना कर चुके थे।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने पहले चिकन पॉइंट का शटर तोड़कर गल्ले में रखे 8 से 10 हजार रुपये नकद और कुछ सामान चुरा लिया। इसके बाद बगल की सैलून दुकान में घुसकर कैश और सामान ले उड़े। चिकन पॉइंट के संचालक ने बताया कि यह दूसरी बार है जब उनकी दुकान को निशाना बनाया गया है। वहीं, सैलून मालिक ने कहा कि दुकान के अंदर सामान बिखरा हुआ था और नकदी गायब थी।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। स्थानीय दुकानदारों ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों से इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस सिर्फ कागजों पर गश्ती दिखा रही है। उनका कहना है कि चोर बेखौफ होकर घूम रहे हैं।
सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चोरों की पहचान की कोशिश में जुटी है। इधर, स्थानीय लोगों ने मांग की है कि रात्रि गश्त को सख्ती से लागू किया जाए और जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास बहाल हो सके।

