
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के डायगोनल रोड स्थित ऑटो स्टैंड के पास गुरुवार देर शाम पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर खुलेआम शराब पीने और अड्डेबाजी करने वालों पर शिकंजा कसा. अभियान के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद कई युवकों को कड़ी फटकार लगाई और वहां से खदेड़ दिया.
स्थानीय लोगों की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई. लोगों का कहना था कि पिछले कई दिनों से ऑटो स्टैंड के आसपास शाम होते ही कुछ लोग जुटकर शराब पीते हैं और अड्डेबाजी करते हैं, जिससे राहगीरों और महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है. स्थानीय दुकानदारों ने भी बताया कि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों के कारण इलाके का माहौल खराब हो रहा था.

पुलिस ने मौके पर पहुंचते ही सभी को डांट-फटकार लगाई और वहां से भगाया. थाना प्रभारी ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. क्षेत्र में लगातार गश्ती बढ़ाई जाएगी और संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखी जाएगी.

पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना को दें. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में रहने वालों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना की.

