
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पी.एम. मॉल के पास सोमवार शाम करीब 7:40 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 67 वर्षीय बुजुर्ग जनरल सिंह की मौत हो गई. मृतक की पहचान कीताडीह निवासी के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक, वे अपनी बाइक (जेएच 05 बीएम 6711) से आदित्यपुर से अपने घर लौट रहे थे.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जनरल सिंह की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नाली के पास फिसल गई, जिससे वे जोरदार तरीके से सड़क पर गिर पड़े. गिरने के बाद उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वे नाली के किनारे अचेत अवस्था में पड़े रहे. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और मौके पर पहुंचकर उन्हें बाहर निकालने के साथ ही आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण कुछ देर में ही उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे की ख़बर मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां माहौल गमगीन हो गया. रोते-बिलखते परिजन पुलिस एवं डॉक्टरों से घटना की जानकारी लेते दिखे. परिजनों का कहना है कि वे रोजाना की तरह आदित्यपुर से घर लौट रहे थे.
बिष्टुपुर थाना पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं स्थल निरीक्षण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

