
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिस्टुपुर थाना क्षेत्र के जुबली पार्क के पास मंगलवार दोपहर एक चाय दुकान संचालित करने वाली महिला ने बीच सड़क पर अपने पति की पिटाई कर दी. घटना उस समय हुई जब महिला रोज की तरह अपनी दुकान पर चाय बना रही थी. इसी दौरान उसका पति वहाँ पहुँचा और दुकान की कमाई में से पैसे मांगने लगा. महिला के इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही मिनटों में गंभीर झगड़े में बदल गई.
महिला का आरोप है कि उसका पति कई महीनों से कोई काम नहीं करता और घर चलाने की जिम्मेदारी पूरी तरह उसी पर छोड़ दी है. इतना ही नहीं, वह आए दिन उसे और उसके बच्चे को गंदी-गंदी गालियाँ देता है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंगलवार दोपहर भी पति लगातार महिला पर तेज आवाज में अपशब्दों की बौछार कर रहा था, जिससे गुस्से में आकर महिला ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी.
दृश्य इतना भावुक था कि पास में मौजूद महिला का छोटा बच्चा रोते हुए अपनी मां से बार-बार विनती करता रहा—“मां छोड़ द, पुलिस आ जाएग…” लेकिन गुस्से में डूबी महिला ने पति की पिटाई जारी रखी. इसी दौरान महिला ने सार्वजनिक रूप से यह भी कह दिया कि अब वह इस आदमी से किसी भी तरह का रिश्ता नहीं रखना चाहती.
घटना की जानकारी मिलते ही आस-पास के लोग मौके पर जुटे और दोनों को अलग कराया. कुछ लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को भी दी. बताया जाता है कि बिस्टुपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को शांत कराया और दोनों पक्षों को थाने बुलाया है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, महिला की शिकायत और पति के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

