
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह कॉलोनी स्थित रजाक के. के. अपार्टमेंट में देवर की काली नीयत और अपराधी प्रवृत्ति का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता सानिया परवीन ने आरोप लगाया है कि उसका सौतेला भैसुर सरफराज खान शादी के बाद से उस पर गलत नजर रखता था. विरोध करने पर उसे कई बार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और मारपीट भी की गई.
सानिया के अनुसार, जब नीयत में कामयाबी नहीं मिली तो सरफराज उसके पति सैफ अली खान को मारने की कोशिश में लग गया. बीती रात घटी घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैल गया. सैफ कार में बैठे थे, तभी सरफराज अपने एक साथी के साथ पहुंच गया. आरोप है कि उसने पिस्तौल दिखाकर सैफ को कार से बाहर खींचा और मारपीट शुरू कर दी. बीचबचाव करने आई सानिया के साथ भी छेड़छाड़ और मारपीट की गई.
जान बचाने के लिए पति-पत्नी किसी तरह वहां से भागकर सीधे पुलिस के पास पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. दोनों ने बताया कि सरफराज का पलामू के कुख्यात सुजीत सिन्हा गिरोह से संपर्क है, वह कई बार जेल जा चुका है और हथियार लहराते हुए फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इलाके में दहशत फैलाता है.
घटना के बाद से आरोपी फरार है. बिष्टुपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सरफराज की तलाश तेज कर दी गई है. परिवार फिलहाल भय के माहौल में है और सुरक्षा की मांग कर रहा है.

