
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के बिष्टुपुर स्थित मशहूर डीसी लाउंज में सोमवार देर शाम अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब कुछ युवकों ने वहां जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की. जानकारी के अनुसार, साकची रामदास भट्टा में रहने वाले कुछ युवकों का विवाद लाउंज के मालिक के बेटे से किसी निजी बात को लेकर हुआ था. बताया जा रहा है कि यह झड़प पहले साकची क्षेत्र में स्थित डीसी लाउंज के पास हुई थी, जिसके बाद गुस्साए युवक बिष्टुपुर स्थित मुख्य लाउंज पहुंचे और वहां कुर्सियां, शीशे व सजावट की वस्तुएं तोड़ दीं.

अचानक हुए उपद्रव से लाउंज में मौजूद ग्राहक और स्टाफ घबरा गए. अफरा-तफरी में कई लोग बाहर की ओर भागे, जिससे कुछ देर के लिए सड़क पर भी जाम की स्थिति बन गई. सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने तत्काल लाउंज को खाली कराया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है.
बिष्टुपुर थाना प्रभारी ने बताया कि तोड़फोड़ में शामिल युवकों की पहचान की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. वहीं, लाउंज प्रबंधन ने भी घटना को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद शहर के अन्य पब और लाउंज संचालकों को भी सतर्क रहने की हिदायत दी गई है.

