
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर के प्रसिद्ध डीसी लाउंज में 13 अक्टूबर की शाम हुई तोड़फोड़ की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी मो. मुस्ताक गद्दी (37) को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया. उसके पास से घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड भी जब्त किया गया है.
शुक्रवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीश ने प्रेस वार्ता कर बताया कि घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की पहचान हुई, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए बिष्टुपुर थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया.
सिटी एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है. उसने बताया कि कुछ दिन पहले साकची में उसके भतीजे के साथ मारपीट हुई थी, जिसमें शामिल एक युवक डीसी लाउंज संचालक का रिश्तेदार था. इसी रंजिश में उसने आक्रोशित होकर बिष्टुपुर स्थित डीसी लाउंज में घुसकर तोड़फोड़ की.
पुलिस ने बताया कि इस पूरे प्रकरण से संबंधित दो अलग-अलग एफआईआर बिष्टुपुर और साकची थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं, जिनका अनुसंधान जारी है. फिलहाल मो. मुस्ताक गद्दी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस अन्य संबंधित लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है.

