
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के रामदास भट्टा निवासी फिरदौस गद्दी का आठ वर्षीय पुत्र आरिश गद्दी गुरुवार शाम अचानक लापता हो गया था. परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की, तब यह मामला अपहरण का निकला. लगातार खोजबीन और सोशल मीडिया पर खबर फैलने के बाद शुक्रवार सुबह राहत की खबर आई कि आरिश को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के एक थाने के बाहर छोड़ा गया, जहां से उसे सकुशल बरामद कर लिया गया.
आरिश को अब पुलिस टीम सुरक्षित रूप से जमशेदपुर वापस ला रही है. वह नरभेराम हंसराज पब्लिक स्कूल में कक्षा तीसरी का छात्र है. पिता फिरदौस गद्दी इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं और परिवार में उसकी एक छोटी बहन भी है.
परिजनों के अनुसार, आरिश गुरुवार शाम लगभग छह बजे तक घर के पास खेल रहा था. जब काफी देर तक वह नहीं लौटा, तो उसकी बेतहाशा तलाश शुरू की गई. इस दौरान पास के एक निर्माणाधीन भवन में काम करने वाले मजदूर ने बताया कि उसने आरिश को एक अनजान व्यक्ति के साथ जाते देखा था.
इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें शाम 7.45 बजे आरिश एक व्यक्ति के साथ जाता दिखाई दिया. खोजबीन के दौरान टीम को पता चला कि संदिग्ध कार को गालूडीह टोल प्लाजा से गुजरते देखा गया था. इसके बाद पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया.
इधर, सोशल मीडिया पर घटना के वायरल होते ही दवाब बढ़ा, जिसके बाद अपहरणकर्ता ने बच्चे को मुर्शिदाबाद में थाने के बाहर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने बताया कि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है और अपहरण में शामिल व्यक्ति की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.

