
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पीएम आवास के निर्माणाधीन फ्लैट के नीचे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला. मृतक की पहचान 29 वर्षीय बिपद तरन पात्रा के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तुरंत इसकी जानकारी बिरसानगर थाना पुलिस को दी गई.
पुलिस दल मौके पर पहुंचा और प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया. मृतक के भाई प्रवीण मोहंती ने स्पष्ट रूप से हत्या का आरोप लगाया है. उनके अनुसार, बिपद तरन पात्रा को किसी ने देर रात बुलाया होगा और फिर योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर दी गई. परिजनों ने बताया कि शव की स्थिति देखकर यह प्रतीत हो रहा था कि युवक के सिर पर भारी वस्तु से हमला किया गया है.
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है. जिस स्थान पर शव मिला, उसके आसपास खून के निशान भी पाए गए हैं. हालांकि पुलिस ने यह भी कहा कि घटना की प्रकृति और अपराध की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज की तलाश कर रही है और मृतक के परिचितों से पूछताछ की तैयारी में है.
मृतक मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला स्थित बड़ा बाजार थाना क्षेत्र का रहने वाला था. जमशेदपुर में वह अपने माता-पिता और भाई के साथ पिछले कई वर्षों से रह रहा था. परिजनों ने बताया कि वह मेहनती और शांत स्वभाव का था तथा किसी से व्यक्तिगत विवाद की जानकारी नहीं है.
घटना से स्थानीय लोगों में दहशत है और वे पुलिस से मामले की त्वरित जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने आश्वस्त किया है कि मामले की हर एंगल से गंभीरता से जांच की जा रही है.

