
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के आल्मंड ब्लॉक स्थित आस्था ट्वीन सिटी में गुरुवार को एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान बर्खा अग्रवाल (35) के रूप में की गई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एमजीएम मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया.
जानकारी के अनुसार बर्खा की शादी 2010 में मुकेश अग्रवाल से हुई थी. पति सिंगापुर में कार्यरत हैं और हाल ही में छुट्टी पर घर आए थे. बर्खा अपने दो बच्चों के साथ जमशेदपुर में रह रही थी. बुधवार रात उसने साड़ी के फंदे से फांसी लगा ली. घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था. मृतका के बेटे ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पड़ोसियों और जेठानी की मदद से शव को उतारकर मर्सी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया.
मृतका के भाई वरुण ने बताया कि घटना की जानकारी ससुराल पक्ष की ओर से दी गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर वहां ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन को ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किया जाता था, जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या की. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं, पति मुकेश अग्रवाल ने आत्महत्या के कारण पर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया.

