
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के बिरसानगर तीन नंबर जोन में चोरी की एक घटना सामने आई है. अज्ञात चोरों ने कारोबारी रिंकू प्रसाद के गोदाम को निशाना बनाते हुए आटा, दाल, चावल, तेल समेत अन्य किराना सामान चोरी कर लिया. चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोदाम का जायजा लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
पीड़ित कारोबारी रिंकू प्रसाद ने बताया कि 25 जनवरी की रात वह अपने गोदाम पर पहुंचे थे. उस समय उन्होंने देखा कि गोदाम का ताला कूचा हुआ है. उन्होंने चाबी लगाकर ताला खोलने का प्रयास किया, लेकिन ताला नहीं खुला. काफी हिलाने के बाद ताला खुल गया. अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि कुछ सामान बिखरा हुआ था, जिससे उन्हें चोरी की आशंका हुई. हालांकि उस समय उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया और ताला बदलकर वह अपनी दुकान चले गए. रिंकू प्रसाद की किराने की दुकान बारीडीह इलाके में स्थित है.
उन्होंने आगे बताया कि 28 जनवरी की सुबह जब वह दोबारा गोदाम पहुंचे तो देखा कि गोदाम का ताला पूरी तरह टूटा हुआ था. अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त हालत में पड़ा हुआ था. इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई. फुटेज में 26 जनवरी की रात करीब 12 बजकर 14 मिनट पर एक चोर को गोदाम का ताला तोड़कर अंदर घुसते हुए देखा गया है.
घटना की सूचना मिलने के बाद बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है और उसके आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. आसपास के इलाकों में भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

