
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गार्डेन में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है. जोन नंबर-3डी ब्लॉक में रहने वाले अशोक कुमार मौर्य के फ्लैट में अज्ञात चोरों ने सोमवार देर रात हाथ साफ कर दिया. चोर 50 हजार रुपये नकद और सोने के जेवरात चुरा ले गए. घटना के बाद अपार्टमेंट के निवासियों में तनाव और नाराजगी का माहौल है.
पीड़ित अशोक कुमार मौर्य की शिकायत पर बिरसानगर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मंगलवार सुबह पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और फ्लैट की बारीकी से जांच की. टीम ने बिल्डिंग परिसर और अपार्टमेंट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान की कोशिश की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.
गौरतलब है कि विजया गार्डेन परिसर में पिछले कुछ महीनों में लगातार चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं. इससे पहले भी कई फ्लैटों में सेंधमारी हुई थी, जिसकी जांच अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है. लगातार हो रही वारदातों ने स्थानीय निवासियों की परेशानियां बढ़ा दी हैं. लोगों का कहना है कि अपार्टमेंट में 24 घंटे सुरक्षा गार्ड मौजूद रहने के बावजूद चोरी की घटनाओं का होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
निवासियों ने कहा कि एंट्री गेट पर जांच लचीली है और रात के समय अपार्टमेंट परिसर में गश्त भी पर्याप्त नहीं रहती. कई लोगों ने सोसाइटी प्रबंधन और पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने और गार्डों की निगरानी कड़ी करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके.

