
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र में माता-पिता की संपत्ति में बेटियों का कोई अधिकार नहीं होता, लेकिन समय के साथ कानून बदला और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बेटियों को बराबरी का हक़ मिलने का रास्ता साफ हो चुका है. इसी बदले हुए परिदृश्य में अब बेटियां भी मायके की संपत्ति में हिस्सेदारी की दावेदारी कर सकती हैं. ऐसा ही एक मामला बिरसानगर थाना क्षेत्र में सामने आया, जहां दो सगी बहनों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और धमकी तक पहुंच गया.
जानकारी के अनुसार, बिरसानगर सत्यनारायण मंदिर के पास रहने वाली किरण माधुरी ने अपनी सगी बहन रजनी दास पर गंभीर आरोप लगाए हैं. किरण ने थाने में दर्ज शिकायत में कहा है कि उसकी बहन रजनी दास अपने हिस्से की माँ की संपत्ति मांगने के लिए रविवार, 23 दिसंबर को दोपहर लगभग एक से दो बजे के बीच उसके घर पहुंची थी. इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई जो धीरे-धीरे मारपीट में बदल गई. आरोप है कि रजनी ने न सिर्फ किरण को गाली-गलौज कर धमकाया, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी.
किरण माधुरी का दावा है कि रजनी दास अपने साथ दो अन्य लोगों को भी लेकर आई थी. रजनी और उसके सहयोगियों के साथ-साथ लगभग 20 से 25 स्थानीय महिलाएं भी इस विवाद में शामिल थीं. किरण का कहना है कि इन सभी ने मिलकर उसकी पिटाई की और मोहल्ले में हंगामा किया. किरण ने रजनी के खिलाफ कड़े कानूनी कदम उठाने की मांग भी की है.
वहीं रजनी दास, जो टुइलाडूंगरी की रहने वाली बताई जा रही हैं, का पक्ष है कि वह अपनी मां की संपत्ति में हिस्सा मांग रही है, जो उसका कानूनी अधिकार है. इसी वजह से वह मायके पहुंची थी, लेकिन बात तकरार से होते हुए हिंसा में बदल गई.
मामला बिरसानगर थाना पहुंच चुका है. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत ली है और जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की विवेचना की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और कानून के तहत जो भी आवश्यक होगा, वह किया जाएगा. कुल मिलाकर संपत्ति के हक़ को लेकर शुरू हुआ विवाद अब अदालत और पुलिस के दरवाज़े तक पहुंच गया है.

