
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहरदा–बड़ाबांकी मुख्य सड़क के नूतनडीह इलाके में गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. सुबह करीब चार बजे एक अक्सयूवी 700 अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग पांच फीट नीचे खेत में जा पलटी. गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए.
जानकारी के अनुसार, अक्सयूवी 700 नूतनडीह इलाके से होकर गुजर रही थी. इसी दौरान सड़क पर मौजूद तीखा मोड़ और चारों ओर छाया घना कोहरा हादसे की वजह बन गया. दृश्यता बेहद कम होने के कारण चालक सड़क की स्थिति को सही ढंग से भांप नहीं सका और वाहन से नियंत्रण खो बैठा. अनियंत्रित कार सीधे सड़क किनारे स्थित खेत में जा गिरी, जहां पलटने से वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
हादसे के बाद कार में सवार सभी लोग सुरक्षित रूप से बाहर निकलने में सफल रहे. किसी को गंभीर चोट नहीं आई, जिसके बाद सभी सवार कार को वहीं छोड़कर सुरक्षित स्थान पर चले गए. बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन टेल्को क्षेत्र का है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी.
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को तब मिली जब सुबह कोहरा छंटने लगा. खेत में पलटी कार को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत बिरसानगर थाना को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने क्रेन की मदद से खेत में फंसी कार को बाहर निकाला और उसे बिरसानगर थाना ले जाया गया.
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घना कोहरा और सड़क का तीखा मोड़ ही दुर्घटना का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

