
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र में सात जुलाई को हुई एक किशोरी के अपहरण मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक अमित मुखी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी बिरसानगर जोन नंबर टू बी का रहने वाला है. पुलिस ने शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी की मां ने बिरसानगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. उन्होंने शिकायत में बताया कि अमित मुखी ने बहला-फुसलाकर उनकी नाबालिग बेटी को अपने साथ ले जाकर उसका अपहरण कर लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए बिरसानगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की.
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को अमित मुखी को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसकी निशानदेही पर अपहृत किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किशोरी को मेडिकल जांच और बयान की प्रक्रिया के लिए भेजा गया है. वहीं, आरोपी के खिलाफ अपहरण सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस ने शनिवार को आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया. मामले की आगे की जांच जारी है. बिरसानगर थाना प्रभारी ने कहा कि नाबालिगों से जुड़ी किसी भी घटना पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.

