
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही नशाखोरी और उससे जुड़ी मारपीट की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर मंगलवार को जनता दल (यूनाइटेड) का एक प्रतिनिधिमंडल थाना प्रभारी से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पार्टी के अध्यक्ष शंकर कर्मकार ने किया.
इस दौरान अध्यक्ष शंकर कर्मकार ने कहा कि बिरसानगर क्षेत्र में नशाखोरी का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है, जिससे खासकर युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में फंसती जा रही है. नशे के कारण क्षेत्र का माहौल लगातार बिगड़ रहा है और सड़क से गुजरने वाले आम लोगों में भय का माहौल बना रहता है. उन्होंने बताया कि नशे की लत के चलते न केवल आए दिन मारपीट की घटनाएं हो रही हैं, बल्कि कई मामलों में लोगों की जान तक चली जा रही है. वहीं, जब कोई व्यक्ति इसका विरोध करता है तो खून-खराबे जैसी गंभीर घटनाएं भी सामने आ रही हैं.
ज्ञापन के माध्यम से जनता दल (यूनाइटेड) ने थाना प्रभारी से क्षेत्र में नशाखोरी पर सख्ती से रोक लगाने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आग्रह किया कि पुलिस की गश्ती व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि अपराधियों में भय बना रहे और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें.
शंकर कर्मकार ने बताया कि थाना प्रभारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि इस मामले में तुरंत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि रात के समय गश्त बढ़ाई जाएगी और जरूरत पड़ने पर नशाखोरी व मारपीट में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी.
इस अवसर पर जनता दल (यूनाइटेड) के मंडल अध्यक्ष शंकर कर्मकार के साथ जितेंद्र कुमरा, सरस्वती खामरी, लक्ष्मी सरकार, पियूष ठाकुर, विकास दे, बॉबी कुमारी, अविनाश सिंह, बिरजू साहू समेत कई अन्य पार्टी कार्यकर्ता और सदस्य उपस्थित थे. प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल होगी.

