
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र में हुई दिनदहाड़े चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जोन नंबर 03 डी, विजया गार्डन के पास रहने वाले 53 वर्षीय अशोक कुमार मोर्या के लिखित आवेदन पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. आवेदन में बताया गया कि 18 नवंबर दिन के समय घर का ताला तोड़कर करीब 70 हजार रुपये के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद समेत कुल 1.20 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली गई.
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया. गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास गहन पड़ताल, स्थानीय लोगों से पूछताछ और गुप्त सूचना तंत्र की सहायता से संदिग्धों की पहचान की. जांच के क्रम में टीम ने बिरसानगर थाना क्षेत्र से दो आरोपियों—विकास दास (23 वर्ष) निवासी जोन नंबर 03 डी और रोहित गोराई उर्फ भोला (24 वर्ष) निवासी जोन नंबर 03 बी—को गिरफ्तार किया.
पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना को स्वीकार किया. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए आभूषण, मोबाइल फोन और नकदी बरामद कर ली. बरामद सामानों में दो पीस नाक की फुली, एक नथुनी, एक जोड़ा चांदी की पायल, एक जोड़ा चांदी जैसा मेंहंदी कड़ा, एक जोड़ा सफेद रंग का एयर बड्स, एक रेडमी मोबाइल, एक प्लास्टिक डब्बे में रखे 5 और 10 रुपये के कुल 1205 रुपये के सिक्के तथा एक ‘कंगन ज्वेलरी’ लिखा बैग जिसमें 296 रुपये थे, शामिल हैं. पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी है. गिरफ्तार दोनों को न्यायिक कार्रवाई के लिए अदालत में प्रस्तुत किया गया है.

