
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुले आम चुनौती दी है. सोमवार दोपहर बिरसानगर थाना क्षेत्र के सावित्री कॉम्प्लेक्स में स्थित पीके कंस्ट्रक्शन कंपनी के ऑफिस में तीन हथियारबंद अपराधियों ने कंपनी के मालिक से 10 लाख रुपये की दिनदहाड़े लूट कर ली. पूरी घटना ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
जानकारी के मुताबिक, कंपनी के मालिक पंकज कुमार सिंह अपने ऑफिस में लेबर पेमेंट के लिए नकद राशि गिन रहे थे. इसी दौरान तीन अज्ञात अपराधी हेलमेट पहनकर ऑफिस में घुस गए और पिस्टल दिखाकर कैश से भरा बैग छीन लिया. लूट के बाद अपराधियों ने हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी और भाग निकले.
घटना की सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी के नेतृत्व में बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर अपराधियों की पहचान में जुट गई है. इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय व्यवसायियों में भय का माहौल है.
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. वहीं स्थानीय लोगों ने दिनदहाड़े हुई इस लूट को लेकर पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं.

