
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर जोन नंबर 1 बी स्थित ठेकेदार के दफ्तर में हुई लूट की घटना में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान परसुडीह निवासी सूरज कांरवा (22) के रूप में हुई है. उसके पास से पुलिस ने 62 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसे उसने लूट की राशि से खरीदा था.
पुलिस के अनुसार, सूरज कांरवा ने हाल ही में कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था. इसके बाद पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान सूरज ने स्वीकार किया कि लूट की वारदात में उसके हिस्से में 1 लाख 7 हजार रुपये आए थे. इसी रकम से उसने 62 हजार रुपये का मोबाइल फोन खरीदा, जबकि बाकी पैसे खर्च हो गए. पूछताछ पूरी होने के बाद उसे सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस अब लूटकांड में शामिल एक अन्य फरार आरोपी अजय सिंह उर्फ मोटा, जो सरायकेला का रहने वाला है, की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
गौरतलब है कि इस मामले में इससे पहले 18 नवंबर को अजीत बेहरा और बाबू सरदार उर्फ नेपू को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. जांच में यह भी सामने आया कि अजीत बेहरा ही इस लूटकांड का मुख्य षड्यंत्रकर्ता था. वह ठेकेदार के दफ्तर में वेल्डिंग का काम करता था और वहीं से उसने लूट की योजना बनाई थी. पुलिस टीम शेष आरोपी की गिरफ्तारी और पूरे गिरोह की भूमिका की जांच में जुटी हुई है.

