
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारीडीह स्थित ट्यूब कॉलोनी के के-2 क्वार्टर में बाइक चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है. यह वारदात टाटा स्टील के कर्मचारी करण कुमार महतो के आवास पर हुई, जहां रात के अंधेरे में चोरों ने बड़ी ही चालाकी से बाइक उड़ा ली. पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है.
पीड़ित करण कुमार महतो ने बताया कि रात करीब 12 बजे तक उनके घर के सभी सदस्य जाग रहे थे. इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा गया कि एक युवक क्वार्टर की छत पर चढ़कर घर के अंदर झांकते हुए रेकी कर रहा है. वह काफी देर तक आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता रहा, ताकि यह सुनिश्चित कर सके कि सभी लोग सो चुके हैं.
कारण के अनुसार, बाइक चोरी की घटना रात दो बजे के बाद अंजाम दी गई. चोर बड़ी सफाई से परिसर में घुसा और कुछ ही मिनटों में बाइक लेकर फरार हो गया. सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली और बाइक गायब मिली, तो घटना की जानकारी पड़ोसियों को दी गई. इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
घटना की सूचना सिदगोड़ा थाना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर चोरों की पहचान शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से कॉलोनी और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है.

