
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के भुईयांडीह इलाके में मंगलवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की अपराध जांच शाखा (सीआईबी) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. गुप्त सूचना के आधार पर सीआईबी टीम ने सिदगोड़ा थाना की मदद से चंदन प्रज्ञा केंद्र पर छापेमारी की, जहां प्रज्ञा केंद्र की आड़ में रेलवे टिकट की अवैध बिक्री का गोरखधंधा चल रहा था.
कार्रवाई के दौरान प्रज्ञा केंद्र संचालक चंदन कुमार को रंगे हाथ ग्राहकों को टिकट बेचते हुए पकड़ा गया. मौके से 35 रेलवे टिकट बरामद हुए, जिनकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये आंकी गई है. टीम ने उसके पास से कंप्यूटर और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.
पूछताछ में चंदन ने स्वीकार किया कि वह पिछले एक वर्ष से प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से यह अवैध कारोबार कर रहा था. आरपीएफ ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
इस सफल छापेमारी में सीआईबी प्रभारी आरएस सिंह, अवर निरीक्षक रामबाबू सिंह, सहायक उप निरीक्षक अनंत डीला, जेके कुशवाहा, हेड कांस्टेबल मोहन सिंह और सुरोजीत हुई ने अहम भूमिका निभाई.
रेलवे टिकट की कालाबाजारी के खिलाफ टाटानगर आरपीएफ सीआईबी की यह हालिया कार्रवाई लंबे समय बाद हुई है. इसने पूरे इलाके में अवैध टिकट कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है और रेलवे प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि टिकट कालाबाजारी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.

