
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह में बीती रात करीब दो बजे पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए. दोनों को पुलिस ने हिरासत में लेकर एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है.
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि बारीडीह हाई स्कूल के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर बिल्डिंग में दबिश दी. इस दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दो अपराधियों को गोली लगी. घायल अपराधियों में एक की पहचान गोपाल कुमार के रूप में हुई है, जिसके पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पेट में गोली लगी है.
मुठभेड़ के दौरान तीन अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे. पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल, आधा दर्जन जिंदा कारतूस, खोखा और अन्य आपराधिक सामग्री बरामद की है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घायल अपराधी हाल ही में कारोबारी हरेराम सिंह के घर फायरिंग की घटना में शामिल थे.
भागे हुए अपराधियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें छापेमारी में जुटी हैं. घटना को लेकर अब तक पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

