
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत बालीगुमा स्थित साईं कॉम्प्लेक्स में रविवार रात अपराधियों ने एक फ्लैट को निशाना बनाते हुए साढ़े तीन लाख रुपये नकद की चोरी कर ली. बदमाशों ने फ्लैट का ताला तोड़कर न सिर्फ नकदी ले उड़े, बल्कि अंदर जमकर तोड़फोड़ भी की. घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है. पीड़ित फ्लैट मालिक नीतीश कुमार ने इस मामले में आदित्यपुर निवासी अशोक कुमार मांझी, मानगो के दीपक गुप्ता समेत 10-15 लोगों पर रंगदारी नहीं देने के कारण वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है. इस संबंध में एमजीएम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है.
नीतीश कुमार ने पुलिस को बताया कि वे मूल रूप से लातेहार जिले के रहने वाले हैं और पिछले सात वर्षों से साईं कॉम्प्लेक्स के थर्ड फ्लोर स्थित फ्लैट में रह रहे हैं. वे “एनके इंटरप्राइजेज” नामक कंपनी का संचालन करते हैं, जिसके जरिए ऑनलाइन हाइवा, पोकलेन समेत अन्य भारी वाहनों की खरीद-बिक्री का कारोबार होता है. उनका आरोप है कि पिछले तीन-चार दिनों से अशोक मांझी लगातार फोन कर उनसे रंगदारी की मांग कर रहा था. रंगदारी देने से मना करने पर उन्हें घर से उठवा लेने की धमकी दी गई थी.
पीड़ित के अनुसार, धमकियों से परेशान होकर उन्होंने रविवार शाम करीब सात बजे साकची में मिलने के लिए अशोक मांझी को बुलाया था, लेकिन किसी काम में व्यस्त होने के कारण वे वहां नहीं पहुंच सके. इसके बाद रात में सोसायटी के अन्य लोगों ने उन्हें सूचना दी कि कुछ लोग उनके फ्लैट में घुसकर तोड़फोड़ कर रहे हैं. बताया गया कि सभी बदमाश तीन बिहार नंबर की स्कॉर्पियो और एक झारखंड नंबर की सफारी गाड़ी से आए थे.
सूचना मिलते ही नीतीश कुमार फ्लैट पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी. उन्होंने आरोप लगाया कि तोड़फोड़ के दौरान सभी बदमाश हथियार से लैस थे. पूरी घटना सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस ने नकदी चोरी और तोड़फोड़ को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

