
उदित वाणी, जमशेदपुर : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के एनएच-49 पर माटिहाना फ्लाईओवर के समीप मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. टाटा से गोपीबल्लापुर जा रही संकरी बस और कोलकाता से टाटा की ओर आ रही मारुति स्विफ्ट कार के बीच आमने-सामने की टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से उड़ गया और बस का आगे का भाग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
घटना की जानकारी मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा पहुंचाया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार में सवार कोलकाता (दमदम, नागेर बाजार) निवासी नील मंडल (45), उनकी पत्नी सुषमा मंडल (42), पुत्र सूरज मंडल (11) और उनके साथ यात्रा कर रही सुजाता विश्वास (42) बुरी तरह घायल हुए हैं. वहीं बस में सवार पश्चिम बंगाल के मैचोग्राम गांव निवासी अनिल गायेन (45) भी घायल हो गए.
डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें झाड़ग्राम जिला अस्पताल रेफर कर दिया. बताया गया कि नील मंडल अपने परिवार के साथ कोलकाता से जमशेदपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी कार का आगे का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में घुस गया और सामने से आ रही बस से सीधी टक्कर हो गई.
हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा. बहरागोड़ा पुलिस ने दोनों वाहनों को क्रेन की सहायता से सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

