
उदित वाणी, जमशेदपुर : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के कथित अपहरण का मामला सामने आया है. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले में पश्चिम बंगाल के मेदनीपुर जिले के नयाग्राम थाना अंतर्गत बरडींग गांव निवासी सागर दंडपात को नामजद आरोपी बनाया गया है.
परिजनों के अनुसार घटना 30 जनवरी को कशाफलिया के जाड़ापाल गांव में घटी थी. लड़की के अचानक लापता होने के बाद परिवार ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में व्यापक खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. अंततः 21 फरवरी को बहरागोड़ा थाना पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई गई.
पुलिस ने बताया कि नाबालिग और आरोपी युवक की तलाश मोबाइल लोकेशन के आधार पर की जा रही है. हालांकि, जांच के दौरान कभी मोबाइल बंद तो कभी चालू मिलने से तकनीकी बाधाएं आ रही हैं. संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी जा रही है.
अभी तक नाबालिग की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर जांच जारी है. परिजनों ने शीघ्र कार्रवाई की मांग की है.

