
उदित वाणी, जमशेदपुर : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के इंचड़ासोल गांव में मंगलवार शाम एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. ओडिशा के झारपोखरिया निवासी 24 वर्षीय युवक मैक्स मिलन राणा ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक प्रेम प्रसंग में मिले धोखे से मानसिक तनाव में था, जिसे आत्महत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, मैक्स मिलन राणा इंचड़ासोल में एक किराए के कमरे में अकेले रहता था. मंगलवार शाम जब काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो आसपास के लोगों को संदेह हुआ. सूचना मिलने पर बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. दरवाजा खोलने पर युवक का शव फंदे से लटका मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और मामले की जांच शुरू की.
मृतक के पास से मिले आधार कार्ड के अनुसार उसका वर्तमान पता बोरागाड़िया पंचायत के केंदुडीहा गांव का था, जबकि वह मूल रूप से ओडिशा के झारपोखरिया का निवासी था. पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी.
बुधवार को थाना प्रभारी के हस्तक्षेप के बाद मृतक के मामा सहित अन्य परिजन बहरागोड़ा थाना पहुंचे. लेकिन स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब परिजनों ने शव को अपनाने से साफ इनकार कर दिया. मृतक के मामा पक्ष और पैतृक परिवार—दोनों ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर कहा कि वे किसी भी परिस्थिति में शव को नहीं ले जाएंगे.
परिजनों के इनकार के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही स्थानीय सामाजिक संस्था को मामले की जानकारी दी गई है. पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के उपरांत सामाजिक संस्था के सहयोग से युवक का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ कराया जाएगा.

