
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा के कीताडीह निवासी नवनीत कुमार (13) की ओर से घर में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना ने शहर को स्तब्ध कर दिया है. नवनीत सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल का चौथी कक्षा का छात्र था. घटना के बाद जिला शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी में यह बात सामने आ रही है कि नवनीत का स्कूल में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद के बाद स्कूल प्रिंसिपल ने उसे कार्यालय में बुलाकर फटकार भी लगाई थी.
परिवार के अनुसार, नवनीत के हाथ पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि स्कूल परिसर में किसी के साथ उसका झगड़ा हुआ था. दोस्तों ने भी विवाद की बात कही है. पिता तुलसी कुमार ने बागबेड़ा पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका कहना है कि स्कूल प्रबंधन को विवाद की जानकारी थी, लेकिन परिवार को इसकी सूचना नहीं दी गई.
घटना के दिन नवनीत दोपहर करीब एक बजे स्कूल से घर लौटा था. उस वक्त पिता घर में काम कर रहे थे और छोटी बहन बाहर खेल रही थी. घर आने के बाद वह अपने कमरे में चला गया. थोड़ी देर बाद बहन कमरे में पहुंची तो देखा कि नवनीत फंदे से लटका हुआ है. परिजन तुरंत उसे टीएमएच ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जिला शिक्षा पदाधिकारी आशीष कुमार पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों की मानसिक स्थिति को समझना बेहद जरूरी है. हर परिस्थिति को संवेदनशीलता के साथ देखने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी.
अभिभावक संघ के अध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार ने कहा कि एक हंसते-खेलते परिवार का इस तरह उजड़ जाना बेहद चिंताजनक है. बिना किसी गंभीर कारण के कोई बच्चा ऐसा कदम नहीं उठा सकता. उन्होंने प्रशासन से मामले की गहराई से जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

