
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा पुलिस ने शनिवार की दोपहर मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संजय नगर पुलिया के पास छापेमारी कर एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है. मौके से पुलिस ने 140 पुड़िया गांजा बरामद किया, जबकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा.
इस मामले में एसआई नीरा तिग्गा के लिखित बयान पर बागबेड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्राथमिकी में परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह दुर्गा पूजा मैदान के पास रहने वाले मो. अनवर हुसैन (38 वर्ष) तथा परसुडीह थाना क्षेत्र के खासमहल निवासी रमेश कुमार को आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने मो. अनवर हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी रमेश कुमार अब भी फरार है.
बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव को गुप्त सूचना मिली थी कि संजय नगर पुलिया के पास गांजा की खरीद बिक्री की जा रही है. सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और पुलिस बल को तत्काल मौके पर भेजा गया. पुलिस को देखते ही एक युवक मौके से भाग निकला, जबकि मो. अनवर को पकड़ लिया गया.
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 140 पुड़िया गांजा बरामद की. इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाया गया और उससे पूछताछ की गई. पुलिस गांजा की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है. उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा लगातार.

