
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार (20 अगस्त 2025) की रात करीब 8 बजे रेलवे हाई स्कूल मैदान में छापामारी कर दो कुख्यात अपराधियों को हथियारों के साथ दबोच लिया. मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अपराधी किसी गंभीर आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे.
छापामारी के दौरान बादशाह खान उर्फ राजा (उम्र 30 वर्ष निवासी बागबेड़ा गांधी नगर) के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल मैगजीन और जिंदा गोली बरामद की गई. वहीं, विष्णु सिंह उर्फ अंडा (उम्र 25 वर्ष, निवासी किराड़ितोली, चांडल पट्टी, बागबेड़ा) को भी मौके से दबोचा गया. पूछताछ में बादशाह खान ने अपनी संलिप्तता स्वीकारते हुए बताया कि उनका उद्देश्य हत्या करना था.

बरामद सामान:
– एक देशी पिस्टल (मैगजीन सहित)
– 7.65 MM का एक जिंदा कारतूस
अपराधियों का आपराधिक इतिहास
खासकर बादशाह खान का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसके खिलाफ वर्ष 2007 से लेकर 2024 तक बागबेड़ा थाना में चोरी, लूट, हथियार रखने और अन्य गंभीर धाराओं में 11 से अधिक कांड दर्ज हैं.
छापामारी टीम में शामिल अधिकारी
1. थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव
2. पु.अ.नि. आलोक कुमार
3. स.अ.नि. शिवनाथ मोर्ची
4. आ.1658 तेजु राम
पुलिस ने दोनों अपराधियों को बीएनआई अधिनियम 2023 की धारा 313 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26/35 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए अपराधी क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं और इनकी गिरफ्तारी से इलाके में शांति कायम होगी.

