
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जब बागबेड़ा पंचायत स्थित बजरंग टेकरी के नाले में एक नवजात शिशु का शव मिला. स्थानीय निवासियों ने नाले के समीप तैरते हुए शव को सबसे पहले देखा और इसकी जानकारी क्षेत्र के अन्य लोगों तक पहुंचाई. पलभर में यह खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत की मुखिया नीनू कुदादा मौके पर पहुंचीं. स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय थाने को दी, साथ ही समाजसेवी संस्था अंत्योदय एक अभियान के प्रमुख प्रवीण सेठी को भी मामले की सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की.
दस्तावेजी औपचारिकताओं के उपरांत थाना पुलिस ने नवजात के शव को विधि सम्मत अंतिम संस्कार के लिए अंत्योदय एक अभियान को सौंप दिया. अंत्योदय एक अभियान के प्रमुख प्रवीण सेठी ने नवजात शिशु का शव लेकर पार्वती श्मशान घाट पहुंचकर पूरे सम्मान और संवेदनशीलता के साथ अंतिम संस्कार किया. इस दौरान संस्था के सदस्यों ने मोमबत्ती और फूलों के साथ नवजात को श्रद्धांजलि दी. वातावरण गमगीन रहा और उपस्थित लोग इस कृत्य पर स्तब्ध दिखाई दिए.
प्रवीण सेठी ने इस दर्दनाक घटना पर गहरी चिंता प्रकट करते हुए कहा कि समाज में इस प्रकार की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और यह दर्शाती हैं कि जागरूकता की अब भी कमी है. उन्होंने कहा, “कोई भी परिस्थिति हो, नवजात को इस तरह छोड़ना मानवता के खिलाफ है. समाज को आगे आकर जागरूकता लानी होगी ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.”
स्थानीय लोगों की मांग है कि पुलिस इस मामले की गहराई से जांच करे ताकि यह पता चल सके कि नवजात को नाले में किसने और किन परिस्थितियों में फेंका. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

