
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के नया बस्ती में बुधवार देर रात एक महिला के साथ बदसलूकी और मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और भय का माहौल है. स्थानीय लोगों ने इसे महिला सुरक्षा से जुड़ा बेहद चिंताजनक मामला बताया है.
जानकारी के अनुसार, नया बस्ती में किराये के मकान में रहने वाली एक महिला रात के समय पास की एक किराने की दुकान पर सामान लेने गई थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान के आसपास अक्सर कुछ युवक बैठकर शराब और सिगरेट पीते हैं. आरोप है कि इनमें इलाके के एक शराब कारोबारी का बेटा कन्हैया भी अपने दोस्तों के साथ वहां अक्सर मौजूद रहता है.
बताया जाता है कि बुधवार की रात भी कन्हैया अपने साथियों के साथ दुकान के पास बैठा हुआ था. महिला जैसे ही दुकान पर पहुंची, वहां मौजूद युवकों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ शुरू कर दी. महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी आक्रामक हो गए और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी.
आरोप यह भी है कि मारपीट के दौरान महिला के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और उसके मुंह में जबरन सिगरेट लगाने की कोशिश की गई. इस दौरान दुकान में हंगामा भी हुआ और कुछ सामान क्षतिग्रस्त हो गया. बताया जा रहा है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है.
घटना के बाद पीड़ित महिला और दुकानदार शिकायत दर्ज कराने बागबेड़ा थाना पहुंचे. स्थानीय लोगों का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई.
इधर घटना की खबर फैलते ही इलाके के लोगों में आक्रोश फैल गया. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि इलाके में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.

