
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ छेड़खानी और जबरन किस करने की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 मार्च की शाम करीब 6 बजकर 50 मिनट पर बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रोड नंबर–3 स्थित सरकारी स्कूल के सामने करीब 20 वर्षीय एक महिला के साथ एक युवक ने छेड़खानी की. आरोप है कि युवक ने महिला के साथ जबरन अभद्र व्यवहार करते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की और जबरन किस करने का प्रयास किया. महिला ने किसी तरह खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और तुरंत इस घटना की जानकारी पुलिस को दी.
घटना के बाद पीड़िता सीधे बागबेड़ा थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और आरोपी की तलाश में छापेमारी अभियान चलाया.
जांच के क्रम में पुलिस टीम ने 6 मार्च को छापेमारी करते हुए मामले के नामजद आरोपी कन्हैया रजक को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार आरोपी स्थानीय निवासी है और उसके खिलाफ पहले से भी बागबेड़ा थाना में मारपीट तथा छेड़खानी से जुड़े मामले दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
इस संबंध में सीटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था. उन्होंने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

