
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के एलबीएसएम रोड स्थित साईं मंदिर के पास 11 जुलाई को हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक आशीष कुमार भगत की हत्या के आरोप में पकड़े गए इन अपराधियों को नागाडीह मैदान के पास से उस वक्त दबोचा गया, जब ये डकैती की साजिश रच रहे थे.
पकड़े गए अपराधियों में बागबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्वालापट्टी का राहुल यादव उर्फ छोटू, कीताडीह ग्वालापट्टी के रंजन कुमार सिंह, विजय शंकर सिंह उर्फ बाबू टेपर, सूरज कुमार दास और शुभम कुमार उर्फ कल्लू शामिल हैं. इनकी गिरफ्तारी की जानकारी सोमवार को साकची स्थित एसएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसएसपी पीयूष पांडे ने दी.
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार पांचों आरोपियों ने पूछताछ में आशीष कुमार भगत की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. इनके पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं. एसएसपी के अनुसार, राहुल यादव और विजय शंकर सिंह उर्फ बाबू टेपर का आपराधिक इतिहास पहले से ही रहा है. राहुल यादव पर बागबेड़ा थाना में मारपीट का मामला दर्ज है, जबकि विजय शंकर सिंह पर जगन्नाथपुर थाना में मामला दर्ज है.
पुलिस ने पांचों आरोपियों को आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद एमजीएम अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस इस मामले में और भी कड़ियों को जोड़ने के लिए आगे की छानबीन कर रही है.
एसएसपी ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी से न केवल हत्या के एक गंभीर मामले का खुलासा हुआ है, बल्कि संभावित डकैती की योजना को भी समय रहते विफल कर दिया गया है. पुलिस टीम को इस सफलता के लिए जल्द ही पुरस्कृत किया जाएगा.

