
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कीताडीह ग्वाला पट्टी में शुक्रवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब अरुण दुकान के समीप कुछ अपराधियों ने आशीष कुमार भगत उर्फ जेठा को गोली मार दी. घायलावस्था में उसे तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी. डॉक्टरों की सलाह पर शनिवार देर शाम परिजनों ने उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया. जानकारी के अनुसार, गोली उसकी छाती में लगी है और अब तक शरीर के अंदर ही फंसी हुई है.
घटना को लेकर बागबेड़ा थाना में गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पीड़ित के पिता आनंद कुमार भगत ने इस संबंध में स्थानीय युवकों बाबू सिंह उर्फ टेपर, राहुल यादव उर्फ छोटू, शुभम कुमार उर्फ कतलू, रंजन कुमार और सूरज दास पर उनके पुत्र को जान मारने की नीयत से गोली मारने का आरोप लगाया है. सभी आरोपी कीताडीह ग्वाला पट्टी के ही निवासी बताए जा रहे हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आशीष शुक्रवार की देर रात लकड़िया बागान क्षेत्र में स्थित अरुण दुकान के समीप कुछ कार्यवश मौजूद था. उसी दौरान वहां पहुंचे आरोपियों ने अचानक उससे विवाद शुरू कर दिया, जो कुछ ही क्षणों में हिंसक झड़प में बदल गया. इसी बीच एक आरोपी ने पिस्तौल निकालकर आशीष पर गोली चला दी. गोली उसकी छाती में लगते ही वह गिर पड़ा और हमलावर फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल आशीष को टीएमएच पहुंचाया गया.
घायल के पिता आनंद कुमार भगत ने बताया कि उनके बेटे आशीष का पहले भी बाबू सिंह उर्फ टेपर और उसके साथियों से विवाद हुआ था. उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला पूर्व नियोजित था और उनके बेटे को जान से मारने की साजिश के तहत ही गोली मारी गई. उन्होंने पुलिस से सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.
बागबेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. थाना प्रभारी के अनुसार, इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की गई है. पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है.
घटना के बाद से कीताडीह ग्वाला पट्टी इलाके में भय और तनाव का माहौल है. लोगों में आक्रोश है और वे अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि कीताडीह क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं और पुलिस को इस दिशा में कठोर कार्रवाई करनी चाहिए.
यह कोई पहली बार नहीं है जब कीताडीह क्षेत्र में इस तरह की हिंसक घटना हुई हो. पिछले कुछ महीनों में इस क्षेत्र में कई बार आपसी रंजिश को लेकर मारपीट और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. स्थानीय लोग बताते हैं कि यहां कुछ असामाजिक तत्वों का गिरोह सक्रिय है जो इलाके में दहशत फैलाने का प्रयास करते रहते हैं.

